शिकोहाबाद युवती हत्या : प्रेमी ही निकला कातिल
होटल में ले जाकर पहले दुष्कर्म फिर की हत्या

रक्षाबंधन के त्योहार पर गुरुग्राम से अपने गांव लौट रही 21 वर्षीय युवती की मौत के मामले में शिकोहाबाद पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शिकोहाबाद युवती हत्या मामले में पुलिस ने युवती के प्रेमी राहुल उर्फ नितिन यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात से जुड़े अहम तथ्यों को स्वीकार किया है।
इस मामले में आरोपी का एक साथी अभिषेक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना के बाद से मृतका के परिवार और गांव में आक्रोश का माहौल है।
जन्मदिन के बहाने प्रेमिका को बुलाया
पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल उर्फ नितिन यादव निवासी विजेंद्र कॉलोनी, शिकोहाबाद का 26 अगस्त को जन्मदिन था। इसी बहाने उसने युवती को मिलने के लिए बुलाया था।
युवती और राहुल एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों ने 12वीं कक्षा तक साथ पढ़ाई की थी। युवती ने बीएससी बायो की पढ़ाई करने के साथ नर्सिंग का सर्टिफिकेट कोर्स भी किया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह गुरुग्राम में ब्लिंकिट कंपनी में नौकरी कर रही थी।
रक्षाबंधन के अवसर पर युवती गुरुग्राम से अपने गांव लौट रही थी। शिकोहाबाद पहुंचने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसे घर जाने से रोक लिया।
होटल में ले जाकर की वारदात
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी अभिषेक निवासी सलेमपुर की मदद से मईयामई क्षेत्र स्थित एक होटल में कमरा लिया था। पुलिस के अनुसार, अभिषेक को होटल के बाहर निगरानी के लिए बैठाया गया था।
आरोप है कि होटल के कमरे में राहुल ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, रात करीब ढाई बजे आरोपी ने दोबारा दुष्कर्म का प्रयास किया, जिसका युवती ने विरोध किया।
विरोध करने पर दीवार में मारा सिर
पुलिस के अनुसार, युवती के विरोध करने पर आरोपी बौखला गया और उसने उसका सिर दीवार में दे मारा। युवती के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी हालत बिगड़ने लगी।
पुलिस के मुताबिक, युवती को गंभीर अंदरूनी रक्तस्राव भी हुआ। हालत बिगड़ने के बाद रात करीब तीन बजे राहुल और उसका साथी अभिषेक उसे बाइक से शिकोहाबाद मंडी के पास स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
डायल-112 पुलिस पहुंची तो फरार हुआ साथी
पुलिस के अनुसार, अस्पताल में डायल-112 की टीम के पहुंचने के बाद आरोपी का साथी अभिषेक मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जांच के बाद शिकोहाबाद पुलिस ने राहुल उर्फ नितिन यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सहेली के घर रखा था बैग, जांच में मिला अहम सुराग
घटना की जांच में मृतका की शिकोहाबाद निवासी सहेली की भूमिका भी महत्वपूर्ण सामने आई है। गुरुग्राम से गांव लौटते समय युवती ने अपना बैग सहेली के घर रख दिया था।
युवती ने अपने परिजनों को फोन कर बताया था कि रात अधिक हो गई है और उसकी तबीयत भी ठीक नहीं है, इसलिए वह शिकोहाबाद में सहेली के घर रुक जाएगी।
हालांकि, इसके बाद वह आरोपी के साथ होटल चली गई। सहेली के घर बैग छोड़ने और युवती की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी पुलिस के लिए शुरुआती जांच में महत्वपूर्ण सुराग बनी।
अस्पताल के कर्मचारियों और सहेली को बनाया गवाह
पुलिस ने मामले की विवेचना को मजबूत करने के लिए मृतका की सहेली और उस निजी अस्पताल के कर्मचारियों को महत्वपूर्ण गवाह बनाया है, जहां युवती को अचेत अवस्था में लाया गया था।
विवेचना अधिकारी इन गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और निष्पक्ष तरीके से साक्ष्य जुटाकर मामले को अदालत में मजबूती से पेश किया जाएगा।
इंस्पेक्टर अनुज राणा के अनुसार, मामले में सभी जरूरी साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Shikohabad Girl Murder : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई मौत की वजह
बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद युवती की मौत से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। रिपोर्ट में सिर की गंभीर चोट और अंदरूनी रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर शिकोहाबाद-नसीरपुर मार्ग पर प्रदर्शन किया।
पंजाबी इंफ्लूएंसर मंजीत कौर की मौत से मचा हड़कंप
ग्रामीणों ने चार घंटे से अधिक समय तक शव को सड़क पर रखकर विरोध जताया और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
रक्षाबंधन पर गांव में छाया मातम
रक्षाबंधन का त्योहार जिस परिवार के लिए खुशियों का अवसर होना था, वहां मातम छा गया। त्योहार से ठीक पहले गांव की 21 वर्षीय बेटी का शव घर पहुंचने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
भाइयों की कलाइयां राखी के इंतजार में सूनी रह गईं। घर में त्योहार की खुशियों की जगह चीख-पुकार और परिजनों के रोने की आवाजें सुनाई देती रहीं। मृतका की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
Shikohabad Girl Murder : पुलिस की अगली कार्रवाई क्या होगी?
शिकोहाबाद युवती हत्या मामले में मुख्य आरोपी राहुल उर्फ नितिन यादव को जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस फरार आरोपी अभिषेक की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटनास्थल, होटल, अस्पताल और अन्य संबंधित साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बना रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



